- उद्योगों की जरूरत के अनुरूप प्रशिक्षण देने पर जोर, खरीद समिति की बैठक में जारी हुए निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। युवाओं को नवीनतम तकनीक से जोड़ने के लिए आईटीआई में नई मशीनरी और अत्याधुनिक उपकरणों की खरीद को मंजूरी दी गई। कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग की उच्चस्तरीय खरीद समिति की बैठक राज्य मंत्री गौरव गौतम की अध्यक्षता में हुई।
बैठक में आईटीआई में प्रशिक्षण की गुणवत्ता बढ़ाने और उद्योगों की मौजूदा जरूरतों के अनुरूप आधुनिक तकनीकी संसाधन उपलब्ध कराने पर विस्तार से चर्चा की गई। राज्य मंत्री ने अधिकारियों को खरीद प्रक्रिया में तेजी लाने और आवश्यक दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि केवल शैक्षणिक डिग्री पर्याप्त नहीं है बल्कि व्यावहारिक कौशल से लैस युवा ही रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त कर सकते हैं। आईटीआई में आधुनिक मशीनों और उपकरणों के शामिल होने से विद्यार्थियों को बेहतर व्यावहारिक प्रशिक्षण मिलेगा। इससे उनकी रोजगार क्षमता बढ़ेगी और प्रदेश में कुशल मानव संसाधन तैयार होंगे।