हरियाणा सरकार द्वारा 13 मई के समझौते को लागू न करने के विरोध में पालिका एवं फायर कर्मचारी आंदोलन तेज करेंगे। कर्मचारी 18 अगस्त को प्रदेशभर के सभी नगरपालिका, नगर परिषद और नगर निगम कार्यालयों में दो घंटे की तालाबंदी करेंगे। इस दौरान वे "विश्वासघात दिवस" मनाएंगे।
नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के राज्य प्रधान नरेश कुमार शास्त्री ने यह जानकारी दी। अन्य नेताओं ने भी आंदोलन का समर्थन किया। सरकार ने कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने, ठेका प्रथा समाप्त करने और न्यूनतम वेतन देने सहित 17 मांगों पर सहमति जताई थी। इसके बावजूद इन मांगों को लागू करने के आदेश जारी नहीं हुए हैं।
कर्मचारियों का आरोप है कि सरकार ने विश्वासघात किया है। सरकार को कर्मचारियों के साथ किए गए समझौते को लागू करना चाहिए। शास्त्री ने कहा, सफाई और सीवर कर्मचारियों की जान की कीमत किसी भी सरकारी योजना से कम नहीं है। उन्होंने सरकार से सीवर में होने वाली मौतों पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की।