अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। कांग्रेस और राहुल गांधी लोकतांत्रिक संस्थाओं के बारे में झूठ और भ्रम फैलाकर लोकतंत्र को कमजोर करने का काम कर रहे हैं। बार-बार झूठे आरोप लगाना और फिर भाग जाना राहुल गांधी व कांग्रेस की आदत बन गई है। कांग्रेस के वोट चोरी के आरोपों पर पलटवार करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शनिवार को हरियाणा सिविल सचिवालय में प्रेसवार्ता को संबोधित कर रहे थे।
सीएम सैनी ने कहा कि घुसपैठियों और शहरी नक्सलियों को बचाने के लिए ही राहुल गांधी और कांग्रेस झूठे व निराधार आरोप लगा रही है। कांग्रेस का एकमात्र उद्देश्य लोकतंत्र में विश्वास को तोड़ना, अशांति पैदा करना और भारत को अस्थिर करना है। उन्होंने कहा कि राज्य में राहुल के करीबी रणदीप सुरजेवाला को भी सटीक रिपोर्ट देनी चाहिए।
सीएम ने कहा कि राहुल गांधी ने 2023 के कर्नाटक विधानसभा चुनावों के मतदाता सूची मामले को मौजूदा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से जोड़ दिया है जबकि वे फरवरी 2025 में नियुक्त हुए थे। आयोग की ओर से उपलब्ध कराए मोबाइल नंबर और आईपी पते की जांच कर्नाटक में कांग्रेस सरकार की सीआईडी कर रही है।
इसी अलंद विधानसभा सीट को साल 2023 में कांग्रेस के बीआर पाटिल ने 10,348 वोटों के बड़े अंतर से जीता था जबकि 2018 तक कांग्रेस कभी नहीं जीती थी। सीएम ने कहा कि जिस एजेंसी सेंटर फॉर दा स्टडी ऑफ डेवलपिंग सोसाइटीज की रिपोर्ट के आधार पर कांग्रेस वोट चोरी के आरोप लगा रही है उस एजेंसी ने गत 17 अगस्त को अपनी रिपोर्ट ही वापस ले ली थी।
सैनी ने कहा कि कांग्रेस एक साल में नेता प्रतिपक्ष का चुनाव तक नहीं करवा पाई है। साल 2009 के विधानसभा चुनावों में सुखबीर कटारिया बोगस वोटिंग मामला, लोकसभा चुनाव 2014 में नूंह, फिरोजपुर झिरका और पुन्हाना में फर्जी मतदान और बूथ कैप्चरिंग, साल 2014 के विधानसभा चुनाव से पहले हाईकोर्ट में कैथल का निवासी न होने पर भी उनके वोट बनाने संबंधी याचिका को लेकर सीएम ने कांग्रेस पर निशाना साधा है।