-धान (कॉमन) के लिए एमएसपी 2369 रुपये प्रति क्विंटल, ग्रेड-ए धान के लिए 2389 रुपये प्रति क्विंटल एमएसपी
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। हरियाणा में खरीफ की फसलों की खरीद के लिए मुख्यमंत्री नायब सैनी ने समीक्षा बैठक की। सीएम ने आदेश दिए कि फसलों की खरीद के दाैरान 24 घंटे निरीक्षक तैनात रहेंगे। फसलों की खरीद एमएसपी (न्यूनतम समर्थन मूल्य) पर खरीदी जाएंगी। किसानों के गेट पास उनके मोबाइल पर एसएमएस के माध्यम से किस मंडी में फसलों की खरीद की जाएगी यह सूचना मिलेगी। गेट पास भी एसएमएस से बनेंगे। स्कैनर की सुविधा भी होगी जिससे किसान मोबाइल से गेट पास डाउनलोड कर सकें। मुख्यमंत्री ने काले तिल, उड़द, अरहर और सोयाबीन जैसी फसलों पर बोनस देने की घोषणा की। मंडियों में पेयजल आपूर्ति, सुरक्षा और सफाई कार्य कराने के आदेश दिए। मंडियों में डिजिटल, इलेक्ट्रॉनिक कांटे की व्यवस्था करने को कहा। फसलों को बरसाती पानी से नुकसान न हो इसके लिए तिरपाल के इंतजाम करने के भी आदेश दिए। नमी जांच के लिए एडवांस टेक्नोलॉजी की मशीनें खरीदने के आदेश दिए और मंडियों में नमी जांच के लिए प्रयोगशालाएं स्थापित करने को कहा है।
किन फसलों के कितनी एमएसपी तय की
सरकार ने धान (कॉमन) के लिए एमएसपी 2369 रुपये प्रति क्विंटल और ग्रेड-ए धान के लिए 2389 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया है। ज्वार (हाईब्रिड) का एमएसपी 3699 रुपये, मलदंडी ज्वार का 3749 रुपये प्रति क्विंटल तय किए हैं। बाजरा 2775 रुपये, मक्का 2400, तूर-अरहर 8000, मूंग 8768, उड़द 7800 रुपये एमएसपी तय किया। मूंगफली 7263 रुपये, सोयाबीन (पीला) 5328 रुपये, तिल 9846 रुपये और काला तिल 9537 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से एमएसपी घोषित किया है।