चंडीगढ़। हरियाणा में डिप्लोमा इन एलिमेंट्री एजुकेशन (डीएलएड) पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए विस्तृत कार्यक्रम घोषित किया गया है। इच्छुक अभ्यर्थी 30 सितंबर 2025 से 12 अक्तूबर 2025 तक ऑनलाइन पंजीकरण, शुल्क जमा करना और आवेदन पत्र भर सकेंगे। इसके बाद 14 अक्तूबर को शेष आवेदन पत्र भरने की सुविधा उपलब्ध होगी। पहले दौर में 15 अक्तूबर को दोपहर तीन बजे कॉलेजवार सूची वेबसाइट पर जारी होगी। उसी दिन से 16 अक्तूबर तक उम्मीदवार अपने लॉग इन से प्रोविजनल एडमिट लेटर डाउनलोड कर पाएंगे। चयनित विद्यार्थी 15 से 18 अक्तूबर तक संबंधित कॉलेज में रिपोर्ट कर दाखिला तय करेंगे। दूसरे दौर के लिए अभ्यर्थी 21 अक्तूबर को विकल्प बदल सकेंगे। इसके बाद 22 अक्तूबर को दोपहर 3 बजे प्रवेश सूची जारी होगी। 22 से 23 अक्तूबर तक एडमिट लेटर डाउनलोड होंगे और 22 से 24 अक्तूबर तक कॉलेजों में दाखिला होगा। तीसरे दौर में 26 अक्तूबर को विकल्प बदलने की सुविधा मिलेगी। 28 अक्तूबर को दोपहर 3 बजे सूची घोषित होगी जिसके बाद 28 से 29 अक्तूबर तक एडमिट लेटर डाउनलोड किए जाएंगे। दाखिले की प्रक्रिया 28 से 30 अक्तूबर तक चलेगी। शिक्षा विभाग ने बताया कि नियमित एवं ऑनलाइन पहले वर्ष की कक्षाएं 18 अक्तूबर से आरंभ होंगी। सभी उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे आवेदन करने से पहले www.dedharyana.org व www.scertharyana.gov.in पर उपलब्ध दिशानिर्देशों को ध्यान से पढ़ें। यदि अंतिम तिथि किसी अवकाश पर पड़ती है तो उसे अगले कार्य दिवस तक बढ़ा दिया जाएगा।