अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। इनेलो प्रमुख अभय चौटाला ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में एक साल में कई नए घोटाले हुए। जो लोग धान घोटाला के जिम्मेदार थे उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। श्रम मंत्री अनिल विज का बयान आया कि उनके श्रम विभाग में 1500 करोड़ रुपये का घोटाला हुआ है। जब एक मंत्री घोटाले की जांच के लिए मुख्यमंत्री को लिखता है तो वह मंत्री किस बात का है? उन्हें तो इस्तीफा दे देना चाहिए। पहले किसी भी मंत्रालय में अगर कोई छोटी सी बात भी हो जाती थी तो मंत्री उसकी जिम्मेदारी लेकर पद से इस्तीफा दे देता था। मुख्यमंत्री बजाय दोषियों पर कार्रवाई करने के अधिकारियों की कमेटी बनाकर मामले को ठंडे बस्ते में डाल देते हैं। उन्होंने कहा कि पिछले एक साल में कोई दिन ऐसा नहीं गया जब किसी न किसी विभाग में कोई घोटाला न हुआ हो।
चाैटाला ने कहा कि भाजपा की दूसरी उपलब्धि बेरोजगारी है। बिना पर्ची और बिना खर्ची की बात करने वाली बीजेपी ने पिछले दिनों एसडीओ की भर्ती की जिसमें 90 प्रतिशत लोग बाहर के प्रदेशों के लगाए गए हैं। अगर 90 प्रतिशत प्रदेश से बाहर के लोगों को यहां नौकरी देंगे तो हरियाणा का पढ़ा लिखा नौजवान कहां जाएगा?
उन्होंने कहा कि लाडो लक्ष्मी में भी बड़ा हेर-फेर किया गया है। कहा तो यह गया था कि हर महीने 2100 रुपये देंगे लेकिन अब बहुत सारी शर्तें लगा कर तीन महीने में देने की बात कर रहे हैं। इसका मकसद बैंक में रखे रुपयों का ब्याज खाना है। भाजपा सरकार में बेतहाशा अवैध काॅलोनियां काटी गई जो एक रिकॉर्ड है। भाजपा सरकार के मंत्री, विधायक समेत कई पूर्व विधायक केवल अवैध काॅलोनियां काटने में लगे हुए हैं। हांसी को जिला भाजपा विधायक विनोद भयाना के कहने से बनाया है क्योंकि उन्होंने हांसी के चारों तरफ के इलाकों में हजारों एकड़ जमीन खरीदी हुई है। एक षड्यंत्र के तहत फायदा लेने के लिए हांसी को जिला बनाया गया है।