राजस्थान सरकार पहले ही जता चुकी सहमति, आधिकारिक करार होना बाकी
-फाइनल बातचीत के लिए अगले महीने राजस्थान जाएंगे नागरिक उड्डयन मंत्री
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। हिसार एयरपोर्ट से अयोध्या-चंडीगढ़ के लिए विमान सेवा सफलतापूर्वक शुरू होने के बाद प्रदेश सरकार का लक्ष्य अब खाटू श्याम व सालासर धाम के लिए हेलीकॉप्टर सेवा शुरू करने का है। गुरुग्राम से पहले हिसार से हेलीकॉप्टर सेवा शुरू की जाएगी। विभाग हेलीकॉप्टर सेवा शुरू करने के फायदे और नुकसान के बारे में जानकारी हासिल करने में जुटा है। राजस्थान सरकार इस बारे में पहले से ही सहमति दे चुकी है। अब केवल आधिकारिक करार होना है।
प्रदेश के नागरिक उड्डयन मंत्री विपुल गोयल ने बताया कि हेलीकॉप्टर सेवा शुरू करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। इसके लिए अगले माह राजस्थान जाना है, ताकि हेलीपैड व तैयारियों से संंबंधित फाइनल बातचीत की जा सके। इससे हरियाणा और राजस्थान के बीच धार्मिक पर्यटन भी बढ़ेगा। साथ ही स्थानीय अर्थव्यवस्था, रोजगार और सेवा क्षेत्र में भी विकास होगा।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले हिसार से चंडीगढ़ के लिए एयर टैक्सी की सेवा शुरू हुई थी, लेकिन कुछ दिनों के बाद बंद हो गई थी। दरअसल, उस दौरान एयरपोर्ट भी पूरा नहीं बना था, जिससे एयर टैक्सी को तकनीकी सपोर्ट नहीं मिल पा रहा था और बाद में उसे बंद कर दिया गया था।
हेलीकॉप्टर से एक घंटे में पूरा होगा सफर
हिसार से सड़क के रास्ते सालासर धाम जाने में साढ़े तीन से चार घंटे और खाटू श्याम जाने में चार से पांच घंटे का समय लगता है। हेलीकॉप्टर सर्विस शुरू होने से यात्रा में सिर्फ एक घंटा लगेगा। इससे श्रद्धालुओं का समय बचेगा। हिसार से हेलीकॉप्टर सेवा शुरू होने के बाद सरकार गुरुग्राम से यह सेवा शुरू करेगी। नागरिक उड्डयन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि हिसार में एयरपोर्ट सेवा शुरू होने से यात्रियों का आवागमन बढ़ा है। हिसार में सारी सुविधाएं भी मौजूद हैं, इसलिए पहले हिसार से यह सेवा शुरू की जाएगी।
सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाएगा
उत्तराखंड में हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त होने की घटनाओं के बाद सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं। सुरक्षा को लेकर नागरिक उड्डयन मंत्री ने कहा कि सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। इससे कोई समझौता नहीं किया जा सकता है। हेलीकॉप्टर सेवाओं के लिए जरूरी हेलीपैड, यात्रियों के लिए वेटिंग एरिया का भी ध्यान रखा जाएगा। इस बारे में राजस्थान सरकार से भी बातचीत हो चुकी है।