फोटो संख्या : 100
- सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री श्रुति चौधरी ने राष्ट्रपति से प्राप्त किया पुरस्कार
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। केंद्रीय जल शक्ति मंत्रालय की तरफ से घोषित छठे राष्ट्रीय जल पुरस्कार-2024 में हरियाणा ने सर्वश्रेष्ठ राज्य श्रेणी में तीसरा स्थान हासिल किया है। सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री श्रुति चौधरी ने राज्य का प्रतिनिधित्व करते हुए नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से पुरस्कार प्राप्त किया। यह प्रतिष्ठित सम्मान राज्य की अनुकरणीय उपलब्धियों और एकीकृत एवं सतत जल प्रबंधन में निरंतर नेतृत्व के लिए मिला है।
समारोह में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल और केंद्रीय जल शक्ति राज्य मंत्री वी. सोमन्ना भी उपस्थित रहे। मंत्री श्रुति चौधरी ने कहा कि जल संरक्षण हम सभी का दायित्व है। इसको एक जन आंदोलन के रूप में लेकर चलना चाहिए। जब हर व्यक्ति जागरूक होगा तो जल सरंक्षण में और ज्यादा अच्छे परिणाम देखने को मिलेंगे। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास है कि अंतिम स्थान तक पानी अच्छे तरीके से पहुंचे। इसको लेकर कार्य चलता रहेगा।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में स्थायी और समावेशी जल संसाधन प्रबंधन की दिशा में राज्य के सामूहिक प्रयासों को और मजबूत किया गया। उन्होंने कहा कि सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग को केंद्रीय आवास एवं शहरी मामलों के मंत्री मनोहर लाल और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का निरंतर मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। छठे राष्ट्रीय जल पुरस्कार-2024 के लिए नामांकन सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग हरियाणा ने फरवरी 2025 में प्रस्तुत किया था और मंत्रालय की टीम ने माैके पर पहुंचकर विस्तृत मूल्यांकन किया। इस अवसर पर समारोह में सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अनुराग अग्रवाल और प्रमुख अभियंता डॉ. सतबीर सिंह कादियान भी उपस्थित रहे।