राष्ट्रमंडल खेलों में हरियाणा का दबदबा लगातार बरकरार है। ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेल 2026 में भारत 13 स्वर्ण, 17 रजत और 9 कांस्य सहित कुल 39 पदक जीतकर चौथे स्थान पर हैं। इनमें हरियाणा के खिलाड़ियों ने 11 पदकों का योगदान दिया है। इनमें 7 स्वर्ण, 2 रजत और 2 कांस्य शामिल हैं। यानी देश के लगभग एक-तिहाई पदक हरियाणा के खिलाड़ियों ने दिलाए हैं।
इस बार राष्ट्रमंडल खेलों में हरियाणा के पदकों की संख्या घटी है। 2022 में बर्मिंघम में हुए राष्ट्रमंडल खेलों में भारत ने 22 स्वर्ण, 16 रजत और 23 कांस्य सहित कुल 61 पदक जीतकर पदक तालिका में चौथा स्थान हासिल किया था। इनमें हरियाणा के खिलाड़ियों ने 20 पदक जीतकर अहम योगदान दिया था। हरियाणा के खाते में 9 स्वर्ण, 5 रजत और 6 कांस्य पदक आए थे।
2026 में हरियाणा के पदक कम होने का मुख्य कारण खिलाड़ियों का प्रदर्शन नहीं बल्कि खेलों की संख्या में कमी होना है। बर्मिंघम की तुलना में ग्लासगो में आयोजित राष्ट्रमंडल खेल में मेजबान स्कॉटलैंड के पास बजट की कमी के कारण खेलों की संख्या 19 से घटाकर केवल 10 कर दी गई। इस वजह से कुश्ती, बैडमिंटन, हॉकी और क्रिकेट समेत कुल 9 प्रमुख खेलों को इस बार बाहर कर दिया गया। इससे देश और हरियाणा के खिलाड़ियों को सबसे बड़ा झटका लगा है।
मुक्केबाजों का रहा दबदबा
इस बार हरियाणा का दबदबा मुक्केबाजी में रहा है। भिवानी के सचिन सिवाच, साक्षी चौधरी ढांडा, प्रीति पंवार, प्रिया घणघस, जैस्मीन लांबोरिया और हिसार के अंकुश पंघाल ने स्वर्ण पदक जीते। हिसार के नरेंद्र बेरवाल ने रजत पदक हासिल किया। इसके अलावा झज्जर की शर्मीला ने महिला शॉटपुट (एफ-57) में स्वर्ण हासिल किया। भाला फेंक में पानीपत के नीरज चोपड़ा ने रजत और भिवानी के यशवीर ने कांस्य पदक जीता है। भिवानी की सीमा ने डिस्कस थ्रो में कांस्य पदक जीत कर इस प्रतियोगिता में देश का खाता पहली बार खोला।
2022 में पहलवानों का रहा था दबदबा
2022 में हरियाणा के लिए सबसे बड़ा आधार कुश्ती रही थी। झज्जर के बजरंग पूनिया व दीपक पूनिया, रोहतक की साक्षी मलिक, सोनीपत के रवि कुमार दहिया व नवीन कुमार और चरखी दादरी की विनेश फोगाट ने स्वर्ण पदक जीते थे। सोनीपत के सुधीर ने पैरा पावरलिफ्टिंग, भिवानी नीतू घनघस और रोहतक के अमित पंघाल ने मुक्केबाजी में स्वर्ण पदक जीते थे। रजत पदक जींद की अंशु मलिक, झज्जर के सागर अहलावत, कुरुक्षेत्र के सुरेंद्र, सोनीपत के अभिषेक और रोहतक की शेफाली वर्मा ने जीता था।
कांस्य पदक संदीप कुमार, दीपक नेहरा, मोहित ग्रेवाल, जैस्मीन लांबोरिया, पूजा गहलोत, पूजा सिहाग और महिला हॉकी टीम की सविता पूनिया, शर्मिला, ज्योति, नेहा, निशा, मोनिका, नवनीत और उदिता को मिले थे।