2014 की नियमितीकरण नीतियों के तहत पक्के हुए ग्रुप-बी, सी और डी कर्मचारियों का रिकॉर्ड जुटाएगी सरकार
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। हरियाणा सरकार ने वर्ष 2014 की नियमितीकरण नीतियों और अन्य समान नीतियों के तहत नियमित किए गए कर्मचारियों का पूरा ब्योरा मांगा है। इस संबंध में मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने सभी संबंधित विभागों, कार्यालयों और संगठनों को निर्देश जारी किए हैं। अधिकारियों को पत्र जारी होने की तिथि से 15 दिनों के भीतर ई-मेल के माध्यम से निर्धारित प्रारूप में जानकारी भेजनी होगी। सरकार की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार 16 जून, 18 जून और 7 जुलाई 2014 को जारी नियमितीकरण नीतियों के तहत नियमित किए गए कर्मचारियों की जानकारी एकत्र की जा रही है। इसके अलावा इन नीतियों में समय-समय पर किए गए संशोधनों और अन्य समान नीतियों के अंतर्गत नियमित किए गए ग्रुप-बी, ग्रुप-सी और ग्रुप-डी के कर्मचारियों का विवरण भी जुटाया जा रहा है।
इन आंकड़ों का संकलन मानव संसाधन विभाग द्वारा किया जाएगा ताकि आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा सके। सरकार ने स्पष्ट किया है कि विभागों की ओर से भेजे जाने वाले विवरण का उचित सत्यापन किया जाए और आंकड़ों की शुद्धता सुनिश्चित की जाए। यह जानकारी आधिकारिक कार्यों के लिए आवश्यक है। इसलिए सभी संबंधित प्रशासनिक विभागों और विभागाध्यक्षों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा रिकॉर्ड उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए गए हैं।