2026 तक सभी स्वास्थ्य संस्थानों को 100% प्रमाणित करने का लक्ष्य
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा ने दावा किया है कि हरियाणा ने सार्वजनिक स्वास्थ्य संस्थानों की गुणवत्ता में उल्लेखनीय प्रगति करते हुए नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड्स (एनक्यूएएस) और कायाकल्प अवार्ड इनिशिएटिव के तहत राष्ट्रीय मानकों को पार कर लिया है। हरियाणा स्टेट हेल्थ रिसोर्स सेंटर ने 1,560 सार्वजनिक स्वास्थ्य संस्थानों को प्रमाणित किया है जिससे 57 प्रतिशत सर्टिफिकेशन दर हासिल हुई है। यह दिसंबर 2025 के लिए निर्धारित 50 प्रतिशत लक्ष्य से काफी अधिक है। नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड के तहत उत्कृष्ट प्रदर्शन में हरियाणा देश के शीर्ष प्रदर्शन करने वाले राज्यों में शामिल हो गया है।
डॉ. मिश्रा ने बताया कि राज्य के जिला अस्पताल (कुल 21) 95 प्रतिशत प्रमाणित हो चुके हैं। उप जिला अस्पतालों में 57 प्रतिशत (16 संस्थान) व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में 35 प्रतिशत (134 संस्थान) सर्टिफिकेशन प्राप्त कर चुके हैं। आयुष्मान आरोग्य मंदिर उप केंद्रों में 65 प्रतिशत (1,342 केंद्र) प्रमाणित हो चुके हैं। कायाकल्प अवॉर्ड प्रोग्राम ने स्वच्छता, संक्रमण नियंत्रण और बायोमेडिकल वेस्ट प्रबंधन को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। वर्ष 2025-26 में 2,548 स्वास्थ्य संस्थानों ने अपना खुद का मूल्यांकन किया जबकि 2,645 संस्थानों का दूसरे संस्थानों द्वारा आकलन किया गया। इनमें से 416 संस्थान ऐसे पाए गए जो बाहरी जांच के लिए योग्य हैं। डॉ. मिश्रा ने कहा कि 1,560 संस्थान पहले ही प्रमाणित हो चुके हैं और हरियाणा स्टेट हेल्थ रिसोर्स सेंटर (एचएसएचआरसी) ने दिसंबर 2026 तक राज्य के सभी सार्वजनिक स्वास्थ्य संस्थाओं में 100 प्रतिशत एनक्यूएएस सर्टिफिकेशन प्राप्त करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।