हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी बतौर वित्त मंत्री सोमवार दोपहर दो बजे अपना पहला बजट पेश करेंगे। इस बजट पर राज्य की सभी महिलाओं की उम्मीदें व नजरें टिकी हैं।
नारी शक्ति को सशक्त बनाने के लिए सीएम सैनी महिलाओं को हर महीने 2100 रुपये देने वाली लाडो लक्ष्मी योजना की घोषणा कर सकते हैं। लाडो लक्ष्मी योजना के लिए बजट में करीब 10-12 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया जा सकता है।
यह भी पढ़ें: Haryana Assembly: सीएम नायब सैनी का बड़ा एलान, मई में होगा CET, नशे को लेकर विपक्ष को दिया जवाब
नायब सिंह सैनी केंद्र सरकार की तर्ज पर गरीब, युवा, अंत्योदय और नारी (जीवाईएएन-ज्ञान) वर्ग को आगे बढ़ाने फोकस करते हुए बजट पेश करेंगे। साथ ही शिक्षा व स्वास्थ्य के बुनियादी ढांचे के और मजबूत करने के लिए खजाना खोलेंगे। बताया जा रहा है कि बजट में वह किसानों के लिए कई घोषणाएं कर सकते हैं। मुख्यमंत्री फसल विविधिकरण व प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों को सौगात मिलने की बड़ी उम्मीद है। धान छोड़कर दूसरी फसलें उगाने वाले किसानों को अभी सरकार सात हजार रुपये प्रति एकड़ प्रोत्साहन राशि देती है। यह राशि बढ़ाकर दस हजार रुपये की जा सकती है। पराली न जलाने वाले किसानों का भी अनुदान बढ़ाए जाने का एलान संभव है। बजट के दौरान सीएम नए वित्त वर्ष में गरीबों को एक लाख मकान देने की भी घोषणा कर सकते हैं। भाजपा ने अपने संकल्प पत्र में पांच लाख मकान बनाने का वादा किया था।
हरियाणा में औद्योगिक विकास को गति देने और निजी क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर सृजित करने के प्रयास बजट में दिख सकते हैं। सीएम सैनी अपने पहले बजट में खरखौदा की तर्ज पर कुछ आईएमटी (इंडस्ट्रियल मॉडल टाउन) का एलान कर सकते हैं। नायब सिंह के पिटारे से छोटे और मध्यम उद्योगों को कुछ रियायत मिलने की उम्मीद है। स्टार्टअप की नई नीति का भी बजट में एलान किया जा सकता है।