जिला केंद्रीय सहकारी बैंकों के महाप्रबंधकों और विकास अधिकारियों के लिए आयोजित हुई बिजनेस मीट
चंडीगढ़। हरको बैंक ने अपने ग्राहकों के लिए 31 अगस्त तक सभी प्रकार के ऋणों पर प्रोसेसिंग फीस व दस्तावेज शुल्क माफ कर दिए हैं। बैंक की ओर से ग्राहकों को सिबिल स्कोर के आधार पर बहुत कम ब्याज दर पर गृह ऋण 7.50 फीसदी, वाहन ऋण 7.75 और व्यक्तिगत ऋण 10 फीसदी वार्षिक दर पर उपलब्ध करवाया जा रहा है।
यह जानकारी हरको बैंक के प्रबंध निदेशक सीईओ डॉ. प्रफुल्ल रंजन ने चंडीगढ़ में केंद्रीय सहकारी बैंकों के महाप्रबंधकों और विकास अधिकारियों के लिए आयोजित हुई बिजनेस मीट में बतौर मुख्य अतिथि दी।
इस दौरान महाप्रबंधक रमेश पुनिया, उप महाप्रबंधक उर्वशी गुप्ता, सुधा शर्मा, सुनील पातड, प्रबंधक यशवीर सिंह अहलावत अन्य अधिकारी व कर्मचारी सम्मिलित हुए। प्रबंधक यशवीर सिंह अहलावत ने सभी जिला केंद्रीय सहकारी बैंकों के महाप्रबंधकों, विकास अधिकारियों व अन्य अधिकारियों का स्वागत किया।
इस दौरान प्रथम स्थान पर भिवानी जिला केंद्रीय सहकारी बैंक, द्वितीय पर गुरुग्राम व तृतीय स्थान पर हिसार बैंक को सम्मानित किया गया। यशवीर सिंह अहलावत को किसान ऋण पोर्टल के उत्कृष्ट कार्य के लिए स्टेट नोडल अधिकारी के तौर पर ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।