एसडीई और जेई को चार्जशीट के आदेश, एक अन्य एसडीई से मांगा स्पष्टीकरण, कार्यकारी अभियंता को चेतावनी
चंडीगढ़। बहादुरगढ़ के विश्राम गृह में अव्यवस्थाएं और लापरवाही मिलने पर लोक निर्माण मंत्री ने चार अधिकारियों पर कार्रवाई की है। उन्होंने बहादुरगढ़ में अतिरिक्त चार्ज संभाल रहे एसडीई राजेश तंवर और जेई मोहित चौहान को चार्जशीट करने के आदेश दिए हैं। वहीं, 24 जुलाई को कार्यभार संभालने वाले एसडीई मुकेश शर्मा से स्पष्टीकरण मांगा है जबकि कार्यकारी अभियंता अनिल रोहिल्ला को चेतावनी दी है।
लोक निर्माण व जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा को बहादुरगढ़ स्थित पीडब्ल्यूडी के विश्राम गृह के औचक निरीक्षण के दौरान खामियां मिलीं थीं। विश्राम गृह का जब औचक निरीक्षण किया तो मौके पर गंदगी के अलावा वीआईपी कमरों में दीमक जैसी गंभीर खामियां पाई गईं। मंत्री गंगवा ने इस लापरवाही को गंभीरता से लिया और हरियाणा सिविल सेवा (पीएंडए) नियम 2016 के तहत चार्जशीट करने के आदेश दिए।
कहीं भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी: गंगवा
मंत्री गंगवा ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि लोक निर्माण विभाग हो या फिर जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग कहीं भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारी, कर्मचारी अपने कार्य के प्रति सजग रहे और अपनी जिम्मेवारी को समझे। गंगवा ने हिदायत दी है कि सरकार ने विश्राम गृह आमजन की सहूलियत के लिए बनाएं है लेकिन वीआईपी कमरों में ही लापरवाही बरती जा रही तो अन्य कमरों में क्या हाल होगा, इसका अंदाजा लगाया जा सकता है। लापरवाही की वजह से दीमक फर्नीचर को खराब कर रही थी, साफ-सफाई थी नहीं, ऐसे में लापरवाह अधिकारियों पर कार्रवाई बनती हैं। गंगवा ने दोनों ही विभागों के कार्यालयों व विश्राम गृहों और दूसरे सभी भवनों में बेहतर व्यवस्थाएं बनाए रखने के आदेश दिए हैं। कुछ दिन पहले भी मंत्री गंगवा ने जनस्वास्थ्य विभाग रोहतक के 42 अधिकारियों और कर्मचारियों को चार्जशीट किया था। रोहतक में टेंडर प्रक्रिया में अनियमितताओं के मामले में यह कार्रवाई की गई थी।