हरियाणा सरकार ने कर्मचारियों और रिटायर्ड कर्मचारियों को दिवाली का तोहफा दिया है। सरकार ने कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 3 प्रतिशत तक बढ़ाते हुए 50 प्रतिशत से बढ़कर 53 फीसदी कर दिया है। इस संबंध में वित्त विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने पत्र जारी किया है। सरकार के इस फैसले से चार लाख कर्मचारियों को लाभ मिलेगा। इस समय प्रदेश में 2.75 लाख सरकारी कर्मचारी हैं, जबकि 1.50 लाख के अधिक सेवाविृत्त कर्मचारी हैं। पहली जुलाई से संशोधित महंगाई भत्ता और महंगाई राहत का भुगतान किया जाएगा। डीए और डीआर का भुगतान अक्तूबर के वेतन और पेंशन के साथ किया जाएगा। जुलाई से सितंबर महीने का बकाया दिसंबर तक भुगतान किया जाएगा।
ग्रुप-डी कर्मियों को मिलेगी ब्याज मुक्त अग्रिम त्योहारी राशि
सरकार की ओर से ग्रुप-डी कर्मियों को ब्याज मुक्त अग्रिम त्योहारी राशि दी जाएगी। वित्त विभाग की ओर से इसकी मंजूरी देते हुए सभी विभागाध्यक्ष, मंडलायुक्त व जिला उपायुक्तों को निर्देश जारी किए हैं कि ग्रुप-डी के सभी कर्मियों को ब्याज मुक्त 12 हजार रुपये त्योहारी राशि की अदायगी की जाए। अग्रिम राशि के लिए कर्मी 27 अक्टूबर तक आवेदन किया जा सकता है। अग्रिम राशि की अदायगी स्थायी व अस्थायी श्रेणी के कर्मियों के साथ उन कर्मियों को भी किया जाएगा, जो पिछले एक साल से सेवा में हैं। अग्रिम राशि का भुगतान कर्मियों को 10 किस्तों में किया जा सकता है। वित्त विभाग की ओर से निर्देश जारी किए गए हैं कि जो चतुर्थ श्रेणी कर्मी अन्य सरकारी विभागों व निगमों में प्रतिनियुक्त के आधार पर कार्यरत हैं, उन्हें इसका लाभ नहीं मिलेगा।