क्लार्क बोले- मेरी गेंद पर सीएम ने जड़ा छक्का, खेलों के विकास पर हुई चर्चा
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के विश्व कप विजेता पूर्व कप्तान माइकल क्लॉर्क ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से संत कबीर कुटीर में शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों के बीच क्रिकेट और खेलों के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। मुलाकात का एक रोचक पहलू यह भी रहा कि मुख्यमंत्री और माइकल क्लार्क ने साथ में क्रिकेट भी खेली। मुलाकात के दौरान माइकल क्लार्क ने मुख्यमंत्री के खेल प्रेम और क्रिकेट के प्रति उनके उत्साह की सराहना की। कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री को एक गेंद फेंकी जिस पर उन्होंने शानदार छक्का जड़ दिया। इस अनुभव को उन्होंने यादगार बताया।
क्लार्क ने कहा कि भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच संबंध बेहद महत्वपूर्ण हैं और खेल दोनों देशों के बीच सहयोग को और अधिक मजबूत बनाने का प्रभावी माध्यम बन सकते हैं। उनके अनुसार राज्य में क्रिकेट के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं और आने वाले समय में यहां से कई उत्कृष्ट क्रिकेटर सामने आ सकते हैं। उन्होंने हरियाणा में अधिक समय बिताकर युवा खिलाड़ियों को अपने अनुभव से लाभान्वित करने की इच्छा व्यक्त की। साथ ही भविष्य में क्रिकेट अकादमी स्थापित करने की संभावना पर भी विचार करने की बात कही।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने माइकल क्लार्क का स्वागत करते हुए कहा कि राज्य सरकार खेलों को बढ़ावा देने और युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने विश्वास जताया कि अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों का मार्गदर्शन राज्य के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत साबित होगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार तरुण भंडारी भी मौजूद रहे।