कहा- 11 सितंबर की बैठक में मानी गई मांगों को तुरंत पूरा किया जाए
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। हरियाणा अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन ने मांगों पर उपेक्षापूर्ण रवैये को लेकर प्रदेश सरकार और अधिकारियों के खिलाफ कड़ा आक्रोश जताया है। यूनियन ने 11 सितंबर की बैठक में कर्मचारियों की मांगों पर बनी सहमति और समझौतों को तुरंत लागू करने की मांग की है। ऐसा न होने पर फरीदाबाद में मंत्री के आवास पर प्रदर्शन और बड़े आंदोलन की चेतावनी दी गई है।
यहां जारी बयान में यूनियन के राज्य प्रधान राजिन्दर सिनद और राज्य महासचिव गुलशन भारद्वाज ने कहा कि मुख्यमंत्री और मंत्रियों की मौजूदगी में कर्मचारियों की गई मांगों पर सहमति बनी थी लेकिन उन्हें लागू करने में लगातार टालमटोल की जा रही है। इससे दमकल कर्मचारियों में भारी आक्रोश है। 11 सितंबर की बैठक में लगभग 1250 पे-रोल फायरमैन और चालकों को नियमित करने का निर्णय लिया गया था। इसके लिए एक समिति बनाई जानी थी। फायर ऑपरेटर पदों पर भर्ती के मापदंड 45 दिन में तय होने थे। दो महीने बीतने के बाद भी यह प्रक्रिया पूरी नहीं हुई है। बैठक में सभी दमकल कर्मचारियों को 5000 रुपये मासिक जोखिम भत्ता और 7500 रुपये वार्षिक वर्दी भत्ता देने का फैसला हुआ था। नियमित कर्मचारियों के हड़ताल अवधि के वेतन को जारी करने पर भी सहमति बनी थी। यूनियन नेताओं ने कहा कि इन फैसलों को लागू करने के लिए आज तक कोई आधिकारिक पत्र जारी नहीं हुआ है। यूनियन ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी न होने पर रोहतक में उच्चस्तरीय बैठक बुलाकर प्रदेशव्यापी आंदोलन की रणनीति घोषित की जाएगी।