अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। हरियाणा व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष व हरियाणा काॅन्फेड के पूर्व चेयरमैन बजरंग गर्ग ने प्रदेश सरकार को किसान विरोधी बताया। मंडियों में किसानों व आढ़तियों से बातचीत के बाद बजरंग गर्ग ने बयान जारी करके कहा कि सरकार की गलत नीतियों से किसान व आढ़ती बर्बादी की कगार पर है। अधिकारी नमी के नाम पर 1750 से 2100 रुपये प्रति क्विंटल धान की खरीद कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने धान की खरीद 3100 रुपये प्रति क्विंटल पर करने का वादा किया था लेकिन धान की खरीद 3100 रुपये पर करना तो दूर की बात सरकार 2389 रुपये प्रति क्विंटल एमएसपी पर भी खरीद नहीं कर रही हैं। किसानों में सरकार के प्रति भारी आक्रोश है। बजरंग ने कहा कि सरकारी एजेंसियों के माध्यम से धान खरीद में करोड़ों रुपये का घोटाला किया जा रहा है। बाजरा एमएसपी की दरों से 900 रुपये से 1400 रुपये प्रति क्विंटल कम दामों में बिक रहा है। धान व बाजरा खरीद घोटाले की उच्चस्तरीय जांच करवा कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पहले भी करोड़ों रुपये का धान घोटाला हुआ था जिसकी एफआईआर दर्ज है।