- जिला कार्यकारिणी की बैठकों में संगठन की मजबूती, आगामी योजनाओं व जनसंपर्क अभियान पर हो रही चर्चा
- 19 को चंडीगढ़ में बड़ी बैठक, मुख्यमंत्री, प्रदेश प्रभारी व अध्यक्ष की मौजूदगी में महत्वपूर्ण विषयों पर होगी चर्चा
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। भाजपा की जिला कार्यकारिणी की बैठकों में सरकार की योजनाओं का फायदा घर-घर पहुंचाने पर जोर दिया जा रहा है। भाजपा का गौरवशाली इतिहास बताकर नए कार्यकर्ताओं को प्रेरित किया जा रहा है। बीते दो दिनों में आठ जिलों की कार्यकारिणी की बैठकें हो चुकी हैं। सोमवार को शेष बचे जिलों की कार्यकारिणी बैठकें भी हो जाएंगी।
इन बैठकों में संगठन की मजबूती, आगामी योजनाओं और जनसंपर्क अभियान को लेकर भी चर्चा करने के पार्टी नेतृत्व ने निर्देश दिए हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली के निर्देशानुसार इन बैठकों का शेड्यूल कुछ दिन पहले ही जारी किया गया था। कई बैठकों में भाजपा प्रदेश प्रभारी डाॅ. सतीश पूनिया और संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा और कुछ में कैबिनेट मंत्री, विधायक, सांसद, प्रदेश महामंत्री और प्रदेश पदाधिकारी मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हो रहे हैं। मंगलवार को भाजपा की एक अहम बैठक चंडीगढ़ में होगी। इसमें मुख्यमंत्री, प्रदेश प्रभारी व अध्यक्ष की माैजूदगी में कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी।