-गर्ल्स हॉस्टल में पुरुष पुलिसकर्मियों के घुसने पर सांसद ने जताई नाराजगी
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। कृषि महाविद्यालय (बावल) के गर्ल्स हॉस्टल के अंदर गैर-कानूनी ढंग से पुरुष पुलिसकर्मियों के घुसने पर कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने राज्य महिला आयोग को पत्र लिखा है। हुड्डा ने आयोग से इस गंभीर विषय का संज्ञान लेकर घटना की उच्चस्तरीय जांच कराने एवं दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की।
दीपेंद्र हुड्डा के मुताबिक जब उन्होंने पीड़ित छात्राओं से फोन पर बात की तो छात्राओं ने बताया कि महाविद्यालय परिसर में बने गर्ल्स हॉस्टल में कई पुरुष पुलिसकर्मी अचानक से घुस गये और डराने-धमकाने का प्रयास करने लगे। इस दौरान कई दरवाजों को तोड़ने की कोशिश भी हुई। विश्वविद्यालय प्रशासन की शह पर पुरुष पुलिसकर्मी छात्रावास के कमरों की खिड़कियों से झांकने लगे, इससे छात्राओं में रोष है। पीड़ित छात्राओं ने बताया कि जबरन प्रवेश कर छात्राओं को डराने के बाद अब छात्राओं के घरवालों को फोन करके धमकाया जा रहा है। हुड्डा ने कहा कि हिसार कृषि विश्वविद्यालय में न्याय के लिए संघर्षरत छात्रों के साथ तानाशाही रवैया अपनाते हुए लाठियों से उनके सिर फोड़े गये। सरकार तुरंत एचएयू के वाइस चांसलर को बर्खास्त करें, छात्र-छात्राओं के साथ अन्याय करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करें।