फरीदाबाद में 2001 में बसाया गया था जोन, 80 कारोबारियों ने एक-एक एकड़ के खरीदे थे प्लाॅट
30-30 लाख रुपये जमा कराए, लेकिन वन विभाग के कारण बंद हुआ संचालन, मुख्यालय पहुंचे कारोबारी
चंडीगढ़। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) के पंचकूला स्थित मुख्यालय में फरीदाबाद के कारोबारियों ने मुख्य प्रशासक से मुलाकात कर उन्हें दूसरे स्थान पर प्लाॅट देने का मामला उठाया। फरीदाबाद के धाैज क्रशर जोन को लेकर वन विभाग ने नोटिस दिए थे।
एचएसवीपी के मुख्य प्रशासक चंद्रशेखर खरे से मुलाकात करने के लिए पहुंचे फरीदाबाद के क्रशर संचालक मदन गोपाल, जिले सिंह यादव, मनीष जैन, लक्ष्मण भारद्वाज, मुकेश यादव आदि ने दूसरी जगह प्लाॅट देने की मांग की। कारोबारियों ने बताया कि वर्ष 2001 में 112 एकड़ जमीन में धाैज क्रशर जोन विकसित किया गया था। यहां 80 कारोबारियों ने एक-एक एकड़ के प्लाॅट खरीदे। साथ ही एचएसवीपी से प्लाॅट खरीदने के एवज में करीब 30-30 लाख (ब्याज सहित) रुपये का भुगतान भी कर दिया। यहां विभिन्न प्रकार की एनओसी (अनापत्ति प्रमाण-पत्र) और लाइसेंस के बाद करीब 70 क्रशर प्लांट का भी संचालन शुरू हो गया।
वर्ष 2005 से 2008 तक वन विभाग ने नोटिस दिए और संचालन को लेकर परेशानी हुई तो 2008 से 2018 के बीच में अधिकर धाैज जोन में संचालित क्रशर प्लांट बंद हो गए। फिलहाल यह प्रकरण हाईकोर्ट में भी विचाराधीन है। 2020 के बाद से ही क्रशर संचालक एचएसवीपी के अधिकारियों से न्याय की गुहार लगा रहे हैं, फिर भी कोई राहत नहीं मिली। इसलिए मुख्य प्रशासक से मुलाकात करके क्रशर संचालकों ने धाैज क्रशर जोन के निकट अन्य स्थान पर प्लाॅट या जमीन दिलाने की मांग की। वहीं, मुख्यालय के उच्चाधिकारियों का कहना है कि निकट इतने बड़े प्लाॅट नहीं हैं, जोकि कारोबारियों को दिए जा सकें।