हसला प्रतिनिधिमंडल की निदेशक से महत्वपूर्ण बैठक, 3 नवंबर से प्रस्तावित जिला स्तरीय प्रदर्शन को 15 नवंबर तक स्थगित
चंडीगढ़। हरियाणा स्कूल लेक्चरर्स एसोसिएशन (हसला) के प्रतिनिधिमंडल ने राज्य प्रधान सतपाल सिंधु के नेतृत्व में मंगलवार को विद्यालय शिक्षा निदेशक से मुलाकात की और शिक्षकों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में टैब प्रणाली को बंद करने और ऑनलाइन डायरी प्रणाली के विरोध की मांग प्रमुखता से रखी गई। निदेशक के आश्वासन पर हसला ने तीन नवंबर से प्रस्तावित जिला स्तरीय प्रदर्शन को 15 नवंबर तक स्थगित करने का निर्णय लिया है।
इस दौरान निदेशक जितेंद्र दहिया ने बताया कि ऑनलाइन सीसीएल लिंक जारी करने की प्रक्रिया प्रगति पर है। साथ ही पोस्ट ग्रेजुएट टीचर से प्रधानाचार्य पदोन्नति से संबंधित सभी केस निदेशालय में पहुंच चुके हैं जिन पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
प्रतिनिधिमंडल ने एईओ पद पर पोस्ट ग्रेजुएट टीचर को नियुक्त करने और फिजिकल एजुकेशन विषय को साइंस व कॉमर्स स्ट्रीम में एमआईएस पर अपडेट करने की मांग भी रखी। बैठक में राज्य वित्त सचिव पवन मोर, राज्य उप महासचिव सोहन पाल राणा, जिला प्रधान महेंद्र मान, अत्तर सिंह मलिक, विकास कुमार और सुनील शामिल रहे।