प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र बोले- केंद्र सरकार की रिपोर्ट उजागर कर रही स्कूलों की बदहाल स्थिति
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने शिक्षा मंत्रालय की यूडीआईएसई प्लस रिपोर्ट का हवाला देते हुए प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के आधिकारिक आंकड़े सरकारी स्कूलों की बदहाल स्थिति को उजागर कर रहे हैं। भाजपा सरकार बताए कि पिछले करीब 12 वर्षों में शिक्षा सुधार के दावे धरातल पर क्यों नहीं उतर पाए।
चंडीगढ़ में जारी बयान में उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश के सरकारी स्कूलों में हजारों शिक्षक पद खाली हैं। कई विद्यालय विषय विशेषज्ञों के बिना चल रहे हैं और भर्ती प्रक्रियाएं वर्षों तक लंबित रहती हैं। जर्जर भवनों और आधारभूत सुविधाओं की कमी का सीधा असर विद्यार्थियों की पढ़ाई और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता पर पड़ रहा है।
राव नरेंद्र ने कहा कि कमजोर शिक्षा व्यवस्था का असर रोजगार पर भी दिखाई दे रहा है। बड़ी संख्या में युवा सरकारी भर्तियों में अयोग्य घोषित हो रहे हैं जिसके लिए सरकार की नीतियां जिम्मेदार हैं। उन्होंने मांग की कि जर्जर स्कूलों के पुनर्निर्माण, सभी रिक्त शिक्षक पदों पर नियमित भर्ती, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और पारदर्शी व समयबद्ध भर्ती प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए।