कांग्रेस नेता कैप्टन अजय सिंह यादव।
- फोटो : सोशल मीडिया
हरियाणा कांग्रेस में एक और नेता के अपने पद से त्यागपत्र देने से कांग्रेस पार्टी को राज्य में बड़ा झटका लगा है। पूर्व वित्त मंत्री और वरिष्ठ नेता कैप्टन अजय यादव ने कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता और पार्टी के ओबीसी विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है। अजय यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर यह पोस्ट किया है। उन्होंने एक्स पर लिखा कि मैंने एआईसीसी ओबीसी विभाग के अध्यक्ष और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से अपना त्यागपत्र दिया है।
उन्होंने कहा कि इस्तीफा देने का फैसला बहुत कठिन था क्योंकि उनके परिवार का 70 वर्ष से पार्टी से जुड़ाव था। उन्होंने अपना त्याग पत्र कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को भेजा। अपने इस पोस्ट में उन्होंने मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी और सोनिया गांधी को भी टैग किया है।
बता दें कि रेवाड़ी से खुद छह बार विधायक रहे कैप्टन अजय सिंह यादव के बेटे चिरंजीव राव इस बार चुनावों में हार गए थे। कैप्टन अजय यादव पिछले काफी समय से पूर्व सीएम भूपेेंद्र सिंह हुड्डा से नाराज हैं।
हाईकमान ने मंजूर नहीं किया इस्तीफा, अभी मनाने में जुटे
लोकसभा से लेकर विधानसभा चुनावों में भी कैप्टन टिकट वितरण को लेकर हुड्डा और प्रभारी दीपक बाबरिया को निशाने पर लेते रहे हैं। कैप्टन कांग्रेस पार्टी में ओबीसी समाज का सम्मान नहीं होने के भी आरोप लगा चुके हैं। हालांकि, अभी कांग्रेस हाईकमान ने उनका इस्तीफा मंजूर नहीं किया है। हाईकमान उनको मनाने की कोशिश कर सकता है, क्योंकि अहीरवाल में कैप्टन अजय यादव बड़ा चेहरा हैं। गौरतलब है कि हुड्डा से नाराज होकर पार्टी छोड़ने वाले नेताओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। चुनाव से ठीक पहले किरण चौधरी ने पार्टी छोड़ी थी और इससे पहले कुलदीप बिश्नोई पार्टी को अलविदा कह चुके हैं।