विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की हार के बाद पहली बार मीडिया के सामने आए हरियाणा कांग्रेस के प्रभारी दीपक बाबरिया ने माना कि 14 से 15 विधानसभा सीटों पर टिकटों का वितरण ठीक ढंग से नहीं किया गया।
हार के बाद उन पर लगे आरोपों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा- यदि सब मेरा दोष मान रहे हैं तो इसकी जिम्मेदारी लेने में मुझे कोई गुरेज नहीं है। ईवीएम में धांधली की सूचना साझा नहीं करने के मुद्दे पर उन्होंने कहा- उनके पास जो सूचनाएं आई थी, उन्हें जिम्मेदार लोगों के पास भेज दिया गया था। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष उदयभान को भी भेजा गया था। उन्होंने कहा- वह इस पर ज्यादा नहीं बोलना चाहते।
विधानसभा में हुई हार पर चर्चा के लिए शनिवार को पूर्व मंत्री करण सिंह दलाल की अध्यक्षता में गठित कमेटी की एक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में कमेटी के सभी सदस्य व हाईकोर्ट में याचिका दायर करने वाले कुछ कांग्रेस उम्मीदवार भी पहुंचे। बैठक में पहली बार दीपक बाबरिया भी पहुंचे हुए थे। टिकट वितरण के दौरान वह बीमार हो गए थे। इस दौरान हरियाणा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष उदयभान ने आरोप लगाया था कि चुनाव नतीजों से पहले पार्टी प्रभारी दीपक बाबरिया पर ईवीएम में धांधली संबंधी मैसेज आया था, मगर उन्होंने यह मैसेज समय पर साझा नहीं किया। नतीजों के बाद उन्हें यह मैसेज मिला था। यदि समय पर संदेश मिलता तो नतीजों से पहले इसका भंडाफोड़ कर देते।