25 नवंबर को श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस और गीता जयंती महोत्सव में शामिल होंगे प्रधानमंत्री
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। यह मुलाकात करीब एक घंटे चली। इस दौरान हरियाणा के कई मुद्दों पर चर्चा हुई। पीएम मोदी ने हरियाणा सरकार की ओर से एक साल में किए गए कार्यों का फीडबैक लिया। सीएम सैनी ने लाडो लक्ष्मी योजना, अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव और श्री गुरु तेग बहादुर के 350वें शहीदी दिवस पर किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। मुलाकात के बाद सीएम सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 नवंबर को कुरुक्षेत्र आएंगे। वे यहां गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस और गीता जयंती महोत्सव में शामिल होंगे। इसके साथ-साथ करोड़ों रुपये के विकास कार्यों का उद्घाटन भी करेंगे।
नई दिल्ली में पत्रकारों से बातचीत में सीएम सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने गीता को हर घर तक पहुंचाने का आह्वान किया था। उन्होंने खुशी व्यक्त की कि अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव के कार्यक्रम विदेशों में भी बड़े स्तर पर हो रहे हैं। उन्होंने पीएम को बताया कि श्री गुरु तेग बहादुर का संदेश जन-जन तक पहुंचे इसके लिए हरियाणा प्रदेश में चार पवित्र यात्राएं चलेंगी। पहली यात्रा सिरसा जिला से शुरू हो चुकी है। दूसरी यात्रा पिंजौर, तीसरी यात्रा यमुनानगर और चौथी यात्रा फरीदाबाद से शुरू होगी। 24 नवंबर को यह सभी यात्राएं कुरुक्षेत्र पहुंचेंगी और 25 नवंबर को आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगी। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शिरकत करेंगे। वोट चोरी के मुद्दे पर कहा- सिर्फ झूठ बोले रहे राहुल
एक सवाल का जवाब देते हुए नायब सैनी ने कहा कि कांग्रेस और राहुल गांधी के पास कोई विजन नहीं है। कांग्रेस अपने कार्यकाल में किए गए कामों की तुलना करे और बताए उनके राज में किए गए कामों में कितना अंतर है। ईवीएम और चुनाव आयोग पर आरोप लगाना बेहद गलत है। चुनाव आयोग एक संवैधानिक संस्था है। उनके पास तथ्य नहीं हैं सिर्फ झूठ बोलकर मुद्दों को खड़े करने का काम कर रहे हैं। एक सवाल का जवाब देते हुए सीएम ने कहा कि फरीदाबाद में हरियाणा पुलिस ने ऑपरेशन चलाकर बड़ी मात्रा में विस्फोटक पकड़ा है। पुलिस व दूसरी एजेंसियां सतर्कता बरत रही हैं।