केंद्रीय मंत्री बोले- सरकार ने आज तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया, आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी होनी चाहिए
प्रधानमंत्री और गृह मंत्री तत्काल कदम उठाएं, परिवार पर जो दबाव डाला जा रहा है उसे तुरंत खत्म किया जाए
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। केंद्रीय खाद्य एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री चिराग पासवान ने मंगलवार को दिवंगत वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी वाई पूरण कुमार के परिवार से मिलकर सांत्वना व्यक्त की। आवास से बाहर निकले चिराग ने कहा कि जब तक कार्रवाई नहीं होती तब तक पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार नहीं होगा। उन्होंने कहा कि मेरा मैसेज यह है कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को अपने शब्दों पर अमल करना चाहिए। उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग भी उठाई।
दोपहर 1.19 बजे पूरण कुमार के आवास पर पहुंचे चिराग पासवान ने करीब 30 मिनट तक परिवार से मुलाकात की। चिराग ने कहा कि वह मंत्री की हैसियत से नहीं बल्कि पारिवारिक सदस्य के तौर पर आए हैं। अमनीत पी कुमार उनकी बहन के समान हैं। मुख्यमंत्री ने कहा था कि कार्रवाई होगी लेकिन आज तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। यह पूरे तंत्र की नाकामी है और दलित समाज के लिए गलत संदेश है।
चिराग ने कहा कि पूरण का अपमान हुआ है और इसके लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई जरूरी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को तत्काल कदम उठाने चाहिए। दलित समाज के दंपति के साथ जो भेदभाव हुआ है उसने साबित कर दिया कि चाहे आप कितने भी योग्य या बुद्धिमान क्यों न हों अगर आप दलित हैं तो भेदभाव से बच नहीं सकते। परिवार पर जो दबाव डाला जा रहा है उसे तुरंत खत्म किया जाए।
उन्होंने कहा कि वह परिवार को विश्वास दिलाते हैं कि उनकी सभी मांगें पूरी होंगी और आरोपियों पर ऐसी कार्रवाई होगी जो पूरे देश के लिए मिसाल बनेगी। अगर इस मामले में जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आने वाले समय में कोई भी दलित परिवार अपने बच्चों को आईएएस या आईपीएस बनने की नहीं सोचेगा।