एसआईटी जांच और पुलिस रिपोर्ट
पुलिस अधीक्षक की 28 अक्टूबर की रिपोर्ट के अनुसार, बलदेव नगर थाने में 28 सितंबर को एफआईआर नंबर 335 दर्ज की गई थी, जिसमें भारतीय न्याय संहिता की धारा 105, 110, 289 और 290 लगाई गई हैं। उपायुक्त के आदेश पर सहायक पुलिस अधीक्षक की निगरानी में विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित किया गया है। जांच के दौरान निर्माण सामग्री और राजस्व रिकॉर्ड एकत्रित किए गए हैं। प्रभावित श्रमिकों और अन्य गवाहों के बयान भी दर्ज किए गए हैं। कुछ आरोपियों द्वारा पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत याचिकाएं दायर करने और उनमें अंतरिम आदेश पारित होने की जानकारी भी रिपोर्ट में दी गई है।
तकनीकी मूल्यांकन पर जोर
आयोग ने पुलिस अधीक्षक से एसआईटी की जांच की अद्यतन स्थिति, भवन के तकनीकी एवं संरचनात्मक मूल्यांकन के निष्कर्ष और जिम्मेदार पाए गए व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई का पूरा विवरण मांगा है। यदि भवन का तकनीकी या संरचनात्मक मूल्यांकन नहीं कराया गया है तो इसके कारण भी स्पष्ट करने होंगे। जांच अधिकारी को संबंधित रिकॉर्ड के साथ अगली सुनवाई पर व्यक्तिगत रूप से आयोग में उपस्थित होना होगा।
भविष्य के लिए निवारक उपाय
गौरतलब है कि 27 सितंबर को धूलकोट में निर्माणाधीन तीन मंजिला भवन का एक हिस्सा ढह गया था, जिसमें छह लोगों की मौत हुई और कई श्रमिक घायल हुए थे। इस हादसे ने निर्माण स्थलों पर श्रमिकों की सुरक्षा, भवन निर्माण की गुणवत्ता, स्वीकृत नक्शों और सरकारी निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े किए थे। आयोग ने प्रशासनिक अधिकारियों को भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए किए गए और प्रस्तावित निवारक उपायों का ब्योरा भी देने को कहा है।