चंडीगढ़। हरियाणा में राशन डिपो पर प्रत्येक लाभार्थी को ई-केवाईसी कराना होगा। हरियाणा खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के महानिदेशक ने पत्र जारी करके सभी डिपो पर कार्य कराने के आदेश दिए हैं। विभाग ने सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का हवाला देते हुए ई-केवाईसी मोबाइल एप के माध्यम से भी करने की सलाह दी है।
पत्र के अनुसार, राज्य में राशन डिपो पर ब्रिकी यंत्रों के माध्यम से बायोमीट्रिक के तहत लाभार्थियों का ई-केवाईसी की प्रक्रिया जारी है। सभी पीडीएस (सार्वजनिक वितरण प्रणाली) के लाभार्थियों का ई-केवाईसी (नाे योर कस्टमर) करवाना आवश्यक है। विभागीय अधिकारियों का मानना है कि परिवार के एक या दो सदस्य ही डिपो पर राशन लेने जाते हैं और संभवतः परिवार में कोई सदस्य बाहर अपने काम-काज के कारण बाहर जाते हैं। ऐसे में सभी लाभार्थियों की ई-केवाईसी नहीं हो पा रही है। ऐसी स्थिति के मद्देनजर केंद्र सरकार ने मेरा ई-केवाईसी मोबाइल एप्लीकेशन को लागू किया है जिसके तहत पीडीएस से जुड़े लाभार्थी इस एप के माध्यम से ई-केवाईसी के माध्यम से अपना चेहरा प्रमाणीकरण के उपरांत करवा सकता है। निदेशालय का कहना है कि लाभार्थियों को किसी भी दुकान पर जाने की आवश्यकता नहीं है। कहीं से भी अपने स्मार्ट फोन में गूगल प्ले स्टोर से मेरा-ई केवाईसी एप डाउनलोड करके स्वयं ही ई-केवाईसी करा सकेंगे। ब्यूरो