- आईजीओटी प्लेटफॉर्म पर फ्री कोर्स, अपनी सुविधा से सीख सकेंगे कर्मचारी
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। हरियाणा में अब सरकारी कर्मचारियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की ट्रेनिंग दी जाएगी ताकि कामकाज तेज, आसान और ज्यादा प्रभावी हो सके। इसके लिए आईजीओटी कर्मयोगी प्लेटफॉर्म पर विशेष कोर्स शुरू किए गए हैं। हिपा समेत कई बड़े संस्थान इस पहल में सहयोग कर रहे हैं।
मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने सभी विभागों, बोर्ड, निगम और विश्वविद्यालयों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने कर्मचारियों को इन कोर्स को करने के लिए प्रेरित करें। खास बात यह है कि ये कोर्स फ्री हैं और कर्मचारी इन्हें अपनी सुविधा के अनुसार बिना रोजमर्रा के काम को प्रभावित किए पूरा कर सकते हैं। कर्मचारी नई तकनीक सीखकर डिजिटल और जिम्मेदार प्रशासन बनाने में अपनी भूमिका निभा सकेंगे।
सरकार का मानना है कि एआई के इस्तेमाल से फैसले लेने की प्रक्रिया बेहतर होगी। डाटा के आधार पर नीतियां बनेंगी और जनता को मिलने वाली सेवाएं भी सुधरेंगी। इन कोर्स में एआई की बेसिक जानकारी से लेकर प्रशासन में इसके इस्तेमाल तक की ट्रेनिंग दी जाएगी। साथ ही जनरेटिव एआई, ग्रामीण विकास, शिक्षा और शहरी प्रशासन में इसके उपयोग जैसे विषय भी शामिल हैं।