एमटीपी किट सप्लाई करने वाले 17 विक्रेताओं पर की गई कार्रवाई
हरियाणा के पांच जिलों में सप्लाई करने वाला डीलर बिहार में दबोचा
आशीष वर्मा
चंडीगढ़। लिंगानुपात में सुधार के लिए हरियाणा सरकार ने अवैध रूप से बिकने वाली एमटीपी (मेडिकल टर्मिनेशन ऑफ प्रेग्नेंसी) किट यानी गर्भपात की गोलियों की बिक्री पर सख्ती बढ़ाई तो धंधेबाजों ने नया रास्ता निकाल लिया। ऑनलाइन विक्रेता अब राज्य सरकार के लिए बड़ी चुनौती बने हुए हैं, जो ग्राहकों के ऑर्डर पर सीधे उनके घर पर गर्भपात किट की डिलीवरी कर रहे हैं। ये विक्रेता मुख्य रूप से उत्तर प्रदेश व बिहार के हैं, जिन्होंने छोटे-छोटे जिलों में दुकानें और उनकी वेबसाइट खोल रखी हैं।
प्रदेश में 17 ऑनलाइन विक्रेताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई हैं। राज्य के औषधि एवं प्रसाधन विभाग ने बिहार के भागलपुर से एक विक्रेता को गिरफ्तार भी किया है। वह बिहार से गर्भपात किट हरियाणा में डिलीवर करता था। उसने यमुनानगर, सोनीपत, सिरसा और कुरुक्षेत्र में एमटीपी किट सप्लाई की थी। इसी तरह यूपी के बंदायू और गाजियाबाद के डीलरों ने भी हरियाणा में एमटीपी किट सप्लाई कीं थीं। उनके खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की गई है।
हरियाणा के ड्रग कंट्रोलर मनमोहन तनेजा ने बताया, ऐसे विक्रेताओं के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। जिन विक्रेताओं के बारे में जानकारी मिल रही है, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है। इसके साथ ही दिल्ली व अन्य सीमावर्ती प्रदेशों से सड़क के रास्ते सप्लाई करने वाले डीलरों का भी पता लगाया जा रहा है। हाल ही में दिल्ली के एक ऐसे डीलर को दबोचा गया है जो कार से दिल्ली से सटे जिलों में किट की सप्लाई कर रहा था। तनेजा के मुताबिक हरियाणा में अब एक-एक किट का हिसाब रखा जा रहा है। जिस भी गर्भपात सेंटर के रिकॉर्ड में कुछ भी गड़बड़ दिखता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।
हरियाणा में ऐसे कसा जा रहा है शिकंजा
लिंगानुपात में भारी अंतर आने के बाद हरियाणा सरकार ने एक टास्क फोर्स गठित की है। यह कई मोर्चों पर काम कर रही है। गर्भपात सेंटरों पर ज्यादा फोकस किया जा रहा है। अब तक 300 से ज्यादा उन सेंटरों को बंद कर दिया गया है, जो अवैध गतिविधियों में शामिल थे। 6200 से ज्यादा गर्भपात किट जब्त की जा चुकी हैं। हर गर्भपात सेंटर में भेजे जाने वाली गर्भपात किट का पूरा रिकॉर्ड रखा जा रहा है। सिविल सर्जन को निर्देश दिए गए हैं कि वे हर उस महिला पर नजर रखें, जो गर्भपात किट का इस्तेमाल कर अस्पताल में आती हैं। ऐसे केसों की मदद से दो संचालकों को भी गिरफ्तार किया गया, जो अवैध तरीके से गर्भपात किट बेच रहे थे।
अतिरिक्त मुख्य सचिव सुधीर राजपाल ने बताया, कहा- अवैध गर्भपात को रोकने के लिए एमटीपी सेंटरों का गहन निरीक्षण किया जा रहा है। किसको कितनी किट दी जा रही हैं, उनका भी हिसाब रखा जा रहा है।
हरियाणा में गर्भपात किट की बिक्री घटी
जिला 16-31 मार्च 6-12 मई
फतेहाबाद 70 00
सोनीपत 28220 00
रेवाड़ी 105 00
कुरुक्षेत्र 170 00
पानीपत 119 00
पंचकूला 394 00
हिसार 51 00
कैथल 50 00
करनाल 119 00
यमुनानगर 280 00
फरीदाबाद 614 45
रोहतक 00 17
अंबाला 209 21
नारनौल 55 22
गुरुग्राम 361 255
जींद 60 30