- गो सेवा आयोग ने पांच निकायों व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ की बैठक, शेष जिलों में जल्द होगी बैठक
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। हरियाणा में गोवंश पकड़ने का नियमित अभियान शुरू हो गया है। अब यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। सोमवार को पानीपत, कैथल, जींद और सोनीपत में 93 गोवंश पकड़े गए। कैथल में गोवंश पकड़ने का ब्योरा भी आयोग के पास पहुंचा है। जल्द ही आयोग शेष जिलों में अभियान की शुरूआत और निगरानी का कार्य करेगा। अगले 5-7 दिनों के अंदर आयोग सुझाव शिकायतों के लिए टोल फ्री नंबर जारी करेगा।
प्रदेश की सभी सड़कों को पशुमुक्त करने के लिए गोवंश पकड़कर गोशाला में भेजे जाएंगे। स्थानीय पशु पालन की टीम टैगिंग करेंगी और टैग में गोशाला, निकाय, शहर और जिले का कोड दर्ज होगा। साथ ही पशु पालन विभाग की टीम गोशाला में पहुंचने वाले प्रत्येक बेसहारा गोवंश को मुंह-खुरपका की वैक्सीन लगाएंगे।
हरियाणा गो सेवा आयोग के अनुसार, प्रदेश की सड़कों पर अभी भी करीब 30 से 35 हजार गोवंश हैं। इस कारण हादसे हो रहे हैं। 3 से 4 वर्ष पहले सड़कों पर डेढ़ से दो लाख तक गोवंश थे। आयोग के मुताबिक, गोशाला में छोड़े जाने वाले नंदी के लिए 800 रुपये, गाय के लिए 600 रुपये और गोवंश के बच्चे के लिए 300 रुपये मिलेंगे। प्रदेश में 694 पंजीकृत गोशालाएं हैं और इनमें करीब 4 लाख गोवंश हैं। आयोग ने अभी सोनीपत, जींद, पानीपत, कैथल व हिसार के अधिकारियों के साथ बैठक की है और अगले ही कुछ दिनों में दूसरे जिलों में भी बैठक होंगी।
कैथल, पानीपत, जींद, सोनीपत में गोवंश पकड़े, हिसार में टीम अतिक्रमण अभियान में लगाई
सोमवार को कैथल में गोशाला प्रबंधन ने अभियान चलाकर 30 गोवंश पकड़े और इन गोवंश को कैथल गोशाला में छोड़ा गया। गोशाला के प्रबंधक प्रदीप के अनुसार, शहर में करीब 1000 से 1200 के करीब गोवंश हैं। पानीपत नगर निगम ने 15 गोवंश पकड़े। निगम के ठेकेदार सुभाष का कहना है कि गोवंश नैन गांव स्थित गोअभ्यराण्य में छोड़े गए हैं। निगम गोअभ्यराण्य को हर महीने करीब साढ़े सात लाख रुपये की सहायता राशि देता है। जींद नगर परिषद ने 35 गोवंश को पकड़कर जयंती देवी मंदिर के सामने वाली गोशाला में छोड़ा है। सोनीपत में सोमवार को 13 गोवंश को पकड़कर नंदीशाला में छोड़ा गया। हिसार में पशु पकड़ने वाली टीम को अतिक्रमण हटाने के कार्य में लगाया गया है। जिस कारण कुछ दिन अभियान बंद रहेगा। इस वर्ष निगम की टीम शहर से 2 हजार से ज्यादा पशुओं को पकड़कर गोअभयारण्य भिजवा चुकी है हालांकि आयोग का कहना है कि हिसार में टीम लगाकर अनिवार्य रूप से अभियान चलाना होगा।
वर्जन
हरियाणा के सभी 22 जिलों में नियमित सड़कों से बेसहारा गोवंश हटाने का कार्य होगा। निकाय अपने स्तर पर भी अभियान चला रही हैं। अब अभियान तब तक चलता रहेगा जब तक पूरी तरह से पशु मुक्त हरियाणा न हो। प्रदेश में गोवंश पकड़ने के अभियान की निगरानी के साथ ही आमजन के सुझाव और शिकायतों के लिए अगले 5-7 दिनों के अंदर एक टोल फ्री नंबर जारी किया जाएगा।
श्रवण कुमार गर्ग, चेयरमैन, हरियाणा गो सेवा आयोग।