युद्द नशे के विरुद्ध
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। हरियाणा पुलिस ने छह वर्षों में एनडीपीएस एक्ट के तहत कमर्शियल क्वांटिटी से जुड़े 2,353 मामले दर्ज कर 6,256 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। नशे के अवैध धंधे से अर्जित 72.70 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्तियां जब्त, फ्रीज या कुर्क की गई हैं। यह जानकारी हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के प्रमुख एवं अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक संजय कुमार ने पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में दी।
संजय कुमार ने बताया कि नशा तस्करी में शामिल आदतन और संगठित अपराधियों पर कार्रवाई करते हुए 156 आरोपियों के खिलाफ पीआईटी-एनडीपीएस अधिनियम के तहत निरोधात्मक कार्रवाई की गई। साथ ही 432 लोगों के खिलाफ प्रॉपर्टी अटैचमेंट की कार्रवाई की जा चुकी है। वहीं अन्य राज्यों में एनडीपीएस मामलों में पकड़े गए हरियाणा के 321 आरोपियों का विवरण निगरानी और सत्यापन के लिए संबंधित जिलों को भेजा गया है।
सामुदायिक पुलिसिंग एवं आउटरीच के विशेष अधिकारी व अंबाला रेंज के आईजी पंकज नैन ने बताया कि प्रदेश में जल्द ही ड्रग फ्री हरियाणा अभियान शुरू किया जाएगा जिसके तहत नशामुक्ति को लेकर व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। बैठक में प्रदेश के सभी एडीजीपी, आईजी, पुलिस आयुक्त और पुलिस अधीक्षक शामिल हुए।