अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। यमुनानगर के विधायक घनश्याम दास ने 2023-2024 और 2024-2025 में राज्य में हरी खाद की बुवाई और क्षेत्रफल का जिलावार ब्योरा मांगा। वर्ष 2024-2025 में वर्ष 2023-2024 की तुलना में हरी खाद की बुवाई कम हुई कि नहीं, इसका विवरण भी मांगा। इस पर कृषि एवं कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने सदन काे सभी 22 जिलों का ब्योरा दिया और जवाब देते हुए कहा कि खरीफ 2023-2024 में हरी खाद(ढैंचा) का क्षेत्रफल 3,31,939 और खरीफ 2024-2025 में यही क्षेत्रफल 4,06,026 एकड़ क्षेत्रफल रहा। 0कृषि मंत्री ने बताया कि खरीफ 2023-2024 की तुलना में खरीफ 2024-2025 में हरी खाद के क्षेत्रफल में 22.31 प्रतिशत वृद्धि हुई है।
होडल में तालाबों के विकास व सुंदरीकरण का मांगा ब्योरा
होडल के विधायक हरविंद सिंह ने नगर परिषद के माध्यम से गहदरा वाले तालाब और हरिदास मंदिर के निकट वाले तालाब के सुंदरीकरण व नवीनीकरण के अलावा ओवरफ्लो की समस्या के समाधान को लेकर सवाल पूछा। इस पर शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल ने बताया कि इस पर 376.13 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इसमें तालाबों की खुदाई, पैदल मार्ग, स्ट्रीट लाइट और वृक्षारोपण आदि कार्य शामिल हैं।