हरियाणा सरकार ने अगस्त तक 200 नई अटल श्रमिक किसान कैंटीन शुरू करने का लक्ष्य तय किया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 15 अगस्त को इन कैंटीनों को मजदूर व किसानों को समर्पित करेंगे। अटल श्रमिक किसान कैंटीन में किसानों व मजदूरों को मात्र 10 रुपये प्रति थाली की रियायती दर पर स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराया जाता है। उल्लेखनीय है कि भाजपा सरकार ने अपने संकल्प पत्र में 600 रियायती भोजन कैंटीन स्थापित करने की घोषणा की थी।
सीएम नायब सिंह सैनी ने वीरवार को अटल कैंटीन की समीक्षा की। पूरे राज्य में वर्तमान में पर 175 सब्सिडी वाले खाद्य कैंटीन संचालित हैं। इनमें श्रम विभाग की 115, हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड (एचएसएएमबी) की 53 और चीनी मिलों की 7 कैंटीन शामिल हैं। इन कैंटीनों का प्रबंधन महिला स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) के सदस्य करते हैं। 200 नई कैंटीनों की स्थापना से प्रदेश में इनकी संख्या बढ़कर 375 हो जाएगी। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि इन कैंटीनों के लिए स्थानों की पहचान करने का काम जल्द से जल्द शुरू किया जाए।
एचएसआईआईडीसी के सेक्टरों में कैंटीन खोलने के निर्देश
सीएम बोले- नाश्ते में इडली व डोसा भी मिले
मुख्यमंत्री ने राज्य में संचालित सब्सिडी वाले खाद्य कैंटीनों के लिए एक समर्पित पोर्टल स्थापित करने के निर्देश दिए, ताकि इन कैंटीनों के बारे में जानकारी एक क्लिक पर उपलब्ध हो सके। इसके साथ ही इन कैंटीनों में खाद्य पदार्थों का एक समान मेनू अपनाया जाए। उन्होंने हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (एचएसआरएलएम) को एक मानकीकृत मेनू तैयार करने के निर्देश दिए, जिसमें बाजरे से बने खाद्य पदार्थ भी शामिल हों। इसके अतिरिक्त, उन्होंने इन कैंटीनों में नाश्ता उपलब्ध कराने के महत्व पर बल दिया, जिसमें मजदूरों और किसानों को इडली और डोसा जैसे दक्षिण भारतीय व्यंजन परोसने का सुझाव दिया।