अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। राज्य परिवहन विभाग ने छात्र-छात्राओं की सुविधाओं के लिए अतिरिक्त बसों का संचालन शुरू करा दिया है। पिछले वर्ष रोडवेज की बसों में सफर के दाैरान हादसे हुए थे। उस समय मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आदेश दिए थे कि छात्र-छात्राओं को परेशानी से बचाने के लिए अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाए जिससे हादसे रोके जा सकें। अब 107 अतिरिक्त बसों का संचालन शुरू हो चुका है।
राज्य परिवहन विभाग के अनुसार सभी जिलों में पिछले वर्ष अगस्त-सितंबर तक 732 बसों का संचालन हो रहा था। कुछ जिलों में बसों में सवार होने के दाैरान हादसे हो गए थे। इसके बाद सरकार ने निर्देश दिए थे कि अतिरिक्त बसों का संचालन कराया जाए। अतिरिक्त बसें चलाने के बाद अब जिलों में 839 बसों का संचालन शुरू हो चुका है। बजट की घोषणा के अनुसार 500 और बसों का संचालन भविष्य में किया जाना है। परिवहन मंत्री अनिल विज का कहना है कि आमजन की सुविधा के लिए विभाग में काम हो रहा है।