अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। मानसून के साथ प्रदेश में डेंगू और मलेरिया के केस बढ़ने लगे हैं। राज्य में डेंगू के अब तक 100 केस और मलेरिया के 58 मामले सामने आ चुके हैं। चिकनगुनिया के पांच केस हैं। स्वास्थ्य विभाग ने बढ़ते केस को देखते हुए सख्ती बढ़ा दी है। स्वास्थ्य विभाग ने सभी जिलों को निर्देश दिए हैं कि वह रोजाना बुखार से पीड़ित 300 मरीजों की डेंगू की जांच करें।
डायरेक्टर हेल्थ कुलदीप सिंह ने बताया, सभी जिलों में निर्देश जारी किए गए हैं कि वे किसी भी डेंगू के केस को छिपाए नहीं। हर बुखार पीड़ित का टेस्ट जरूर करें। उन्होंने बताया कि डेंगू के सबसे ज्यादा केस रेवाड़ी में आए हैं। रेवाड़ी में डेंगू के 17 केस, गुरुग्राम में 12 केस, पंचकूला में 11 केस और 10 केस करनाल में आए हैं। अब तक 28 हजार टेस्ट किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि इस बार मानसून पहले आ गया है और लगातार बारिश हो रही है।
इससे गड्ढों व खुली जगह पर रखे कबाड़ में पानी जमा हो रहा है जिससे डेंगू व मलेरिया के केस बढ़ रहे हैं। उन्होंने लोगों से कहा कि जिस भी व्यक्ति को डेंगू हो, उसके हाथ व पैर ढंके होने चाहिए। सीनियर सिटीजन व बच्चों का विशेष ख्याल रखें।