हरियाणा के जिला फतेहाबाद में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शुक्रवार को जवाहर चौक स्थित एक मेडिकल स्टोर पर छापा मार नशीली और प्रतिबंधित दवाइयां पकड़ी हैं।
विभाग ने दुकान को सील कर दिया है। मेडिकल संचालक पर विभागीय कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियाें को लिखा है।
जिला औषधि निरीक्षक सुरेश चौधरी को पिछले कुछ समय से फतेहाबाद में नशीली दवाआें की ब्रिकी की शिकायतें मिल रही थीं।
सुरेश चौधरी और रजनीश धालीवाल के नेतृत्व में टीम ने जवाहर चौक स्थित न्यू मेहता मेडिकल स्टोर पर छापा मारा। टीम ने वहां से हजारों की संख्या में नशीली गोलियां, सिरप सहित 12 तरह की प्रतिबंधित दवाइयां पकड़ीं।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियाें ने मेडिकल संचालक जगदीश से दवाइयों का रिकार्ड मांगा तो वह कुछ भी नहीं दिखा पाया। सुरेश चौधरी ने बताया कि मेडिकल संचालक के पास दवाआें का बिल नहीं था। इसके बाद दुकान को सील कर दिया गया।