हरियाणा के जिला सिरसा के एलेनाबाद के गांव थेहड़ दयासिंह में पंजाब स्थित गुरुद्वारा में लंगर के नाम पर गेहूं एकत्रित करने वाले छह लोगों को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
पंचायत के समक्ष माफी मांगने और एकत्रित गेहूं गांव के गुरुद्वारे में देने के बाद सभी को छोड़ दिया गया।
सिख समुदाय के छह लोग शनिवार शाम रामपुराफूल जिला बठिंडा पंजाब स्थित बाबा लाल सिंह नामक गुरुद्वारे में जारी फर्जी अटूट लंगर के लिए गेहूं एकत्रित करते हुए गांव थेहड़ दयासिंह में पहुंचे।
यहां इन लोगों ने घर में मौजूद महिलाओं से गेहूं के थैले भरवाकर जीप में लाद लिया। इस पर ग्रामवासी गुरदीप सिंह, हरदीप सिंह, गुरलाल सिंह, रणजीत सिंह ने पीछा कर सभी छह लोगों को गांव हारनी के पास पकड़कर स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया। पूछताछ में कार सेवकों द्वारा बताए सभी गुरुद्वारों और धर्मस्थानों के पते फर्जी निकले।
इसके बाद गांव कीगुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी, गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार सभा और शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्यों ने पुलिस थाने में पहुंचकर कार सेवकों के बारे में पूछताछ की।
इन्होंने स्वीकार किया कि वे अक्सर धर्म के नाम पर अपनी गाड़ी पर गेहूं एकत्रित करते हैं। इसके बाद सार्वजनिक रूप से माफी मांगने और एकत्रित गेहूं को गुरुद्वारा में देने के बाद छोड़ दिया गया।