हरियाणा के जिला भिवानी के गांव प्रेमनगर के नजदीक रोडवेज बसों की मांग पर दर्जनों छात्र-छात्राओं ने भिवानी-हिसार सड़क मार्ग जाम कर दिया। इससे एक घंटे तक आवाजाही बंद रही।
छात्रा पूजा, सोनिया, ज्योति, हेमलता, अकुंश, सुदेश, अंजना और छात्र सोनू, राकेश, रवि, अमित आदि ने बताया कि स्कूल और कालेज जाने में उनको देरी हो जाती है।
रोडवेज बसों की संख्या एक तो कम है और ऊपर से बसें उनके बस अड्डों पर बहुत कम रुकती हैं। उनके गांव से भिवानी तक बीच में आने वाले गांवों के छात्र-छात्राओं की संख्या काफी ज्यादा है, इसलिए स्पेशल बस लगाई जानी चाहिए।
जाम के चलते वाहनों की सड़क के दोनों ओर लंबी कतारें लग गई। जाम की सूचना मिलने के बाद रोडवेज महाप्रबंधक उदयवीर सिंह मौके पर पहुंचे।
उन्होंने गुस्साए छात्र-छात्राओं को शांत किया और आश्वासन दिया कि उनकी समस्या का समाधान किया जाएगा। इसके बाद परिवहन व्यवस्था सामान्य हुई।