सीबीआई की टीम ने पंजाब नेशनल बैंक फतेहपुर के मैनेजर धर्मपाल ढुल को लोन पास करने की एवज में रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। फतेहपुर निवासी संदीप कुमार पुत्र भगवान सिंह ने बताया कि पीएमआरवाईकेवीआईसी योजना के तहत उसने पीएनबी फतेहपुर में छह लाख रुपये के लोन के लिए आवेदन किया था, जो 18 दिसंबर को मंजूर भी हो चुका था। उसे 30 दिसंबर को बैंक की ओर से लोन मंजूर होने की सूचना भी मिल गई थी और तब से वो राशि के लिए बैंक के चक्कर लगा रहा था।
इस बीच बैंक के मैनेजर धर्मपाल ढुल ने उससे लोन पास करवाने के लिए बतौर तीन प्रतिशत कमिशन 18 हजार रुपये देने की मांग की। संदीप ने यह राशि दो किस्तों में देने की बात कही। इसके बाद उसने रिश्वत मांगने की शिकायत चंडीगढ़ में सीबीआई की टीम को कर दी। शिकायत का सत्यापन करने के बाद सीबीआई के डीएसपी जगदीश ने मैनेजर को रंगे हाथ पकड़ने के लिए टीम का गठन किया।
टीम ने बुधवार को मैनेजर ढुल को पकड़ने के लिए जाल बिछाया, लेकिन उसने जगह बदल ली। संदीप ने वीरवार को मैनेजर को फोन कर कैथल में सेक्टर-19 स्थित अपने घर पर बुलाया। टीम ने संदीप को अदृश्य रसायन लगे दस हजार रुपये दिए, जो उसे मैनेजर को देने थे।
मैनेजर संदीप के घर पहुंचा और यहां उसके रुपये लेते ही सीबीआई की टीम ने छापा मारकर उसे दबोच लिया। रिश्वत के तौर पर लिए गए दस हजार रुपये बरामद कर लिए गए और हाथ धुलवाने पर रंग उभर आया। डीएसपी जगदीश कुमार ने बताया कि जांच की जा रही है, हो सकता है कि और भी खुलासा हो। फिलहाल बैंक के अन्य कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा रही है।