हरियाणा के रोहतक जिले में स्थित महर्षि दयानंद यूनिवर्सिटी परिसर में सोमवार सुबह उस समय दहशत फैल गई, जब दो छात्रों ने सरेआम होटल मैनेजमेंट विभाग के डायरेक्टर को गोली मार दी।
डायरेक्टर आशीष दहिया की हालत गंभीर बताई जा रही है। वारदात उस समय हुई, जब डायरेक्टर अपने कार्यालय में बैठे थे। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए। वारदात का मुख्य कारण छात्रों का रोल नम्बर को लेकर डायरेक्टर के साथ हुआ झगड़ा बताया जा रहा है।
वारदात की खबर मिलते ही कॉलेज में छात्रों की भीड़ जमा हो गई। अस्पताल में डायरेक्टर की हालत स्थिर बनी हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आज सुबह दो छात्र हाथ में पिस्तौल लिए विभाग में दाखिल हुए और कार्यालय में बैठे डायरेक्टर महोदय को गोली मार दी। इसके बाद दोनों आरोपी फरार हो गए।
आनन-फानन में डायरेक्टर को अस्पताल ले जाया गया। अभी उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच शुरू कर दी है।