क्षेत्र के गांव कुंडल में बुधवार शाम बिटोड़ों में एक बोतल में ब्लास्ट
होने की वजह से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और एक युवक को भी छर्रे लगे।
ब्लास्ट इतना जबरदस्त था कि महिला के एक हाथ के तो चिथड़े उड़ गए।
घायलों को उपचार के लिए ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां से महिला
की गंभीर स्थिति देखते हुए उसे रोहतक रेफर कर दिया है।
बुधवार शाम
को छह बजे के करीब महिला कमला (60) अपने भतीजे विक्की के साथ बिटोड़ों में
से उपले लेने गई थी। वहां उन्हें एक बोतल मिली, जिसे खोलने पर ब्लास्ट हो
गया, जिसमें दोनों घायल हो गए।
गांव की सरपंच के पति मनोज ने बताया
कि विस्फोट की आवाज इतनी जबरदस्त थी कि आसपास क्षेत्र के लोग दंग रह गए और
मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। एसपी पंकज नैन ने बताया कि
धमाके की जांच की जा रही है। घटनास्थल को निगरानी में ले लिया गया है।
एफएसएल टीम से बारिकी से जांच कराई जाएगी।