भिवानी। चीन में आयोजित जूनियर वर्ल्ड वुशू चैंपियनशिप में भिवानी के युवराज ने सेमीफाइनल में जगह बनाकर भारत के लिए कांस्य पदक पक्का कर लिया है। अब वह 29 मार्च को सेमीफाइनल मुकाबला खेलेंगे। हनुमान गेट रेलवे फाटक के समीप स्थित कवि सूरजभान अजायब कॉलोनी निवासी युवराज ने प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया है। इस चैंपियनशिप में दुनिया भर के 78 देशों के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।
युवराज के कोच एवं पिता भारत सूरजभान ने बताया कि उसका पहला मुकाबला कजाकिस्तान के खिलाड़ी के साथ हुआ जिसमें युवराज ने 2-1 के अंतर से जीत दर्ज की। इसके बाद क्वार्टर फाइनल में उसका मुकाबला तुर्की के खिलाड़ी से हुआ जिसमें युवराज ने प्रतिद्वंद्वी को नॉकआउट करते हुए हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया और देश के लिए कांस्य पदक सुनिश्चित किया। अब युवराज 29 मार्च को सेमीफाइनल मुकाबले में उतरेगा जहां उसकी नजर फाइनल में जगह बनाने पर होगी।