सिगरेट में नशीला पदार्थ मिलाकर युवा दिन-दहाड़े शहर के सेंट्रल पार्क (हुडा पार्क) में कश लगा रहे थे। सूचना पर महिला पीसीआर पुलिस पहुंची तो युवाओं में हड़कंप मच गया और वे हां से भाग खड़े हुए। महिला पुलिस टीम ने वहां मिली सिगरेट की जांच की तो पाया कि उनमें कोई नशीला पदार्थ मिलाया हुआ। महिला पुलिस टीम ने वहां मौजूद अन्य युवकों से भी पूछताछ की और बेवजह समय बर्बाद नहीं करने की नसीहत दी।
बुधवार सुबह करीब 11 बजे गुप्त सूचना के आधार पर महिला पीसीआर पुलिस इंचार्ज मुकेश के नेतृत्व में पहुंची। टीम ने देखा कि पार्क में पीछे की ओर से टंकी के ऊपर बैठक आठ-10 युवा सिगरेट के कश लगा रहे थे। टीम को कुछ संदिग्ध लगा। जब टीम उस ओर जाने लगी तो इसकी भनक युवाओं को लग गई और वे वहां से भाग खड़े हुए। टीम सदस्यों ने पीछा कर पकडने का भी प्रयास किया मगर युवक ग्रिल कूदकर वहां से भागने में कामयाब रहे। टीम ने जब वहां जाकर देखा तो कुछ सिगरेट पड़ी थी। जांच की तो पाया कि सिगरेट में कोई नशीला पदार्थ मिलाकर युवा सिगरेट के कश लगा रहे थे। नशीला पदार्थ सूल्फा बताया जा रहा है।
स्कूल बंक कर पार्क में बैठे थे विद्यार्थी
पार्क में काफी स्कूल बच्चे भी थे, जो स्कूल बंक कर यहां छूपे बैठे थे। महिला पुलिस टीम ने सभी बच्चों से बातचीत कर उन्हें समझाया। साथ ही यहा बैठे अन्य युवकों को भी बेकार बैठकर अपना समय नष्ट नहीं करने की हिदायत दी।