भिवानी जिले के बवानीखेड़ा कस्बे में रविवार रात हत्या के बदले हत्या का खौफनाक खुनी खेल खेला गया। यहां अपनी बीमार भाभी से अस्पताल में मिलने आए बलजीत नाम के युवक की चार पांच लोगों ने मिलकर बेरहमी से हत्या कर दी और उसके साथी मोनू को भी गंभीर रूप से घायल कर दिया। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई।
पुरानी रंजिश का है मामला
इस मामले में डीएसपी दलीप सिंह ने बताया कि पुरानी रंजिश के चलते बलजीत और मोनू पर ये जानलेवा हमला किया गया है। उन्होंने कहा कि बलजीत व मोनू साल 2020 में होली के दिन एक महिला व एक पुरूष की हत्या के आरोप में 20-20 साल की सजा काट रहें हैं। वो जेल से जमानत पर बाहर आए थे।
अस्पताल में घात लगाए बैठे लोगों ने किया हमला
वहीं, मृतक के परिजनों ने बताया कि बलजीत और मोनू अस्पताल में अपनी भाभी से मिलने आए थे। तभी घात लगाए बैठे चार पांच लोगों ने उन पर लाठी, डंडो, छुरी व लोहे की रोड़ से हमला कर दिया। परिजनों का आरोप है कि इस खुनी वारदात के समय पुलिस व लोग मौके पर मौजूद थे और वो सारी घटना को चुपचाप खडे़ देखते रहे, किसी ने कोई मदद नहीं की।
बलजीत की मौत, साथी गंभीर घायल
परिजनों ने बताया कि हमले में घायल हुए बलजीत और मोनू को वो खुद भिवानी अस्पताल लेकर आए। राहुल नामक युवक ने बताया कि मामला पुराना है और आपसी रंजीश का है, लेकिन कुछ समय पहले दोनों पक्षों में सहमती भी हो गई थी, इसके बावजूद ये जानलेवा हमला किया गया है।
वहीं, पुलिस का कहना है कि इस मामले में हत्यारों की पहचान की जा रही है और जांच पूरी कर जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।