भिवानी। सीआईए स्टाफ प्रथम की टीम ने शनिवार को अवैध हथियार रखने के मामले में राहुल उर्फ राघलिया निवासी बालाण जिला चूरू (राजस्थान) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक देसी पिस्तौल बरामद की है।
आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जिला कारागार भेजने के आदेश दिए गए। सीआईए स्टाफ प्रथम में तैनात एएसआई प्रदीप कुमार पुलिस टीम के साथ 25 जुलाई को गश्त एवं अपराध रोकथाम ड्यूटी के दौरान बस अड्डा नांगल क्षेत्र में मौजूद थे। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि राहुल उर्फ राघलिया अपने पास अवैध हथियार रखे हुए है और ईंट-भट्टा, मानहेरू रोड के पास खड़ा है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर आरोपी को काबू कर लिया। नियमानुसार तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से एक देसी पिस्तौल बरामद हुई। पुलिस ने अवैध हथियार रखने के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह ट्रक पर हेल्पर का कार्य करता है। उसने यह अवैध हथियार गुजरात से 10 हजार रुपये में खरीदा था। आरोपी ने बताया कि वह भिवानी के मानहेरू में अपने एक परिचित से मिलने आया था। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जिला कारागार भेजने के आदेश दिए गए।