बहल । बहल थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती को अगवा कर चलती कार में दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीडि़ता का आरोप है कि विरोध करने पर उस पर पत्थर से हमला किया और गला दबाकर जान से मारने की धमकी दी गई।
राजस्थान के पिलानी पुलिस ने इस मामले में जीरो एफआईआर दर्ज कर बहल पुलिस को भेजी है। बहल थाना प्रभारी उग्रसेन के मुताबिक युवती ने बताया कि करीब दो वर्ष पहले उसकी दीपक नामक युवक से जान-पहचान हुई थी। बाद में बातचीत बंद हो गई।
आरोप है कि इसके बाद वह बदनाम करने की धमकी देकर मिलने के लिए दबाव बनाने लगा।10 अगस्त को वह कॉलेज जाने के लिए घर से निकली थी। इस दौरान दीपक उसके पीछे आया और उसकी फोटो व वीडियो उसके भाई और परिजनों को भेजने की धमकी दी।
इसके बाद उसे बस से लोहारू बुलाया। युवती ने बताया कि वह डर के कारण लोहारू बस स्टैंड पहुंच गई। दीपक वहां कार लेकर आया और जबरन कार में धकेलकर दरवाजा बंद कर दिया। इसके बाद उसके साथ दुष्कर्म किया।
विरोध करने पर पत्थर से हमला किया जिससे वह लहूलुहान हो गई। गला दबाकर जान से मारने की कोशिश भी की। वह उसके चंगुल से बचकर राजस्थान के पिलानी पहुंची। वहां लोगों ने उसे घायल हालत में देखा और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया और पिलानी शहर थाने में जीरो एफआईआर दर्ज कर बहल थाना पुलिस को भेज दिया। बहल थाना प्रभारी ने बताया कि इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर युवती का मेडिकल कराया है।