प्रतियोगिता के दौरान जैवलिन थ्रो करता खिलाड़ी यशवीर सिंह। स्रोत : कोच
भिवानी। गांव देवसर निवासी एथलीट यशवीर सिंह ओलंपिक विजेता नीरज चोपड़ा के साथ विश्व मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए तैयार हैं। यशवीर सिंह ने जैवलिन थ्रो में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाकर विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए क्वालिफाई किया है। विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप का आयोजन 13 से 21 सितंबर तक टोक्यो (जापान) में होगी। जिसके लिए गांव देवसर निवासी यशवीर सिंह ने क्वालीफाई किया है। यशवीर सिंह के अलावा इस चैंपियनशिप में ओलंपिक विजेता नीरज चोपड़ा व सचिन यादव भी भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
यशवीर की उपलब्धि से पूरे जिले में खुशी व उत्साह का माहौल है। खेल प्रेमियों का कहना है कि चैंपियनशिप में पदक जीतकर वह गांव, जिले और देश का नाम रोशन करेंगे।
भाला फेंक में पिता भी रहे हैं पदक विजेता
ग्रामीण डॉ. राजकुमार देवसर ने बताया कि यशवीर के पिता राय सिंह खुद भाला फेंक में राष्ट्रीय पदक विजेता रहे और अपने बेटे को भी इसी खेल में पारंगत किया। वे ही यशवीर के पहले कोच बने। यशवीर ने मई 2025 में एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 82.57 मीटर का भाला फेंककर उन्होंने अपनी श्रेष्ठता दिखाई। इसके बाद जून 2025 में उज्बेकिस्तान में उन्होंने स्वर्ण पदक जीतकर अपने इरादे स्पष्ट कर दिए। जिला पार्षद मोनू देवसर, पवन देवसर, फतेह देवसर, सरपंच संजय देवसर, डॉ. दिनेश सनसनवाल, डॉ. विजय सनसनवाल ने भी यशवीर को बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दी है।