महिला कबड्डी फेडरेशन द्वारा आयोजित ट्रायल कैंप के शुभारंभ पर मुख्य अतिथि के साथ मौजूद खिलाड़ी।
भिवानी। गांव निमड़ीवाली स्थित एमडी स्कूल व कॉलेज में 10 दिवसीय कबड्डी ट्रायल कैंप का बुधवार को आगाज हुआ। इस दौरान बतौर मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री एवं विधायक घनश्याम सर्राफ ने शिरकत की तथा विशिष्ट अतिथि के तौर पर एमडी कॉलेज के चेयरमैन शेर सिंह आर्य निमड़ीवाली, समाजसेवी नंदकिशोर अग्रवाल, हरीश हालुवासिया, मनीष सैनी, मा. योगेश कांटीवाल पहुंचे।
महिला कबड्डी फेडरेशन की चेयरपर्सन डॉ. सीमा तक्षक ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों को खेल की दिशा में एक बड़ा मंच देने के लिए इस ट्रायल प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। इसमें देशभर से करीबन 450 खिलाड़ी भाग ले रही हैं। इस ट्रायल कैंप में चयनित खिलाड़ी भविष्य में होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेंगी। इसके लिए 8 टीमों का चयन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि ये चयनित सीनियर वर्ग की 8 टीमें 59 मैच खेलेंगी और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। महिला कबड्डी फेडरेशन महिलाओं को प्रोफेशनल खेल जगत में एक नई पहचान दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। इस लीग के माध्यम से कई प्रतिभाशाली महिला खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी।
विधायक घनश्याम सर्राफ ने महिला कबड्डी फेडरेशन की सराहना करते हुए कहा कि यह एक ऐसा मंच है जो उन्हें न सिर्फ खेल में, बल्कि जीवन के हर क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा देगा। इस पहल से न केवल महिलाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर मिलेंगे, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी यह एक ठोस कदम साबित होगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता निमड़ीवाली सरपंच लीलाराम ने की। कार्यक्रम के दौरान अतिथि व आयोजकों ने उपस्थित सभी को नशे से दूर रहने की शपथ भी दिलाई। इस अवसर पर अलखपुरा सरपंच अभय सिंह, हरदीप पंघाल, शेर सिंह आर्य, प्रदीप सरपंच मानहेरू, जितेंद्र कौशिक, सतीश आर्य थानेदार निमड़ीवाली मौजूद रहे।